कोटा बारां फोरलेन हाईवे पर जेसीबी ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में घायल बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी व बच्ची के चोट लगी। घटना रविवार शाम की है। मृतक अर्जुन (30) बारां जिले का रहने वाला था। जो अपनी बहन से मिलकर अपने गांव वापस लौट रहा था।शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, अर्जुन अपनी पत्नी पूजा (28) व 8 महीने के बच्ची के साथ शनिवार को अपनी बहन से मिलने केवलनगर आया था। रविवार को खाना खाने के बाद दोपहर में बारां के लिए निकले थे। बाइक को अर्जुन चला रहा था। बच्ची को लेकर उसकी पत्नी बैठी हुई थी। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में कोटा बारां हाईवे पर पेट्रोल पंप के पास जेसीबी चालक ने बाइक के टक्कर मार दी। हादसे में अर्जुन के सिर पर गम्भीर चोट लगी। उसकी पत्नी पूजा के हाथ व पैर में चोट आई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ लग गई। 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को एमबीएस लाया गया। देर रात इलाज के दौरान अर्जुन की मौत हो गई। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद पूजा को डिस्चार्ज कर दिया गया।बोरखेड़ा थाना हेड कॉन्स्टेबल सुलोचना ने बताया कि अर्जुन केवलनगर में अपनी बहन से मिलकर गांव लौट रहा था। शाम 5 बजे करीब जेसीबी ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल अर्जुन की इलाज के दौरान मौत हो गई। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।